हरिद्वार,16 जून ।
सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर हरिद्वार में आयोजित ऐतिहासिक स्नान पर्व के दौरान लगभग 75 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद नगर निगम हरिद्वार ने स्वच्छता के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए रातभर चले विशेष अभियान में लगभग 90 ट्रैक्टर कूड़ा हटाकर सभी प्रमुख घाटों और मार्गों को पूरी तरह स्वच्छ कर दिया।

स्नान पर्व संपन्न होने के बाद पुलिस प्रशासन से वाहनों की अनुमति मिलते ही नगर निगम की टीम ने रात्रि करीब 9 बजे से व्यापक सफाई अभियान शुरू कर दिया। विष्णु घाट, अलकनंदा घाट, सुभाष घाट, नई घाट और मालवीय घाट सहित सभी प्रमुख स्नान स्थलों पर युद्धस्तर पर सफाई कार्य किया गया।

नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरी रात लगातार मेहनत करते हुए घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग 90 ट्रैक्टर कूड़ा एकत्रित कर उसका निस्तारण किया। रात्रि 4 बजे तक सभी प्रमुख स्थानों की सफाई पूरी कर ली गई, जिससे शहर की स्वच्छता और व्यवस्था बरकरार रही।

स्वच्छता अभियान की निगरानी स्वयं नगर आयुक्त आईएएस नंदन कुमार ने की। वह रात करीब 2 बजे मौके पर पहुंचे और सफाई कार्यों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने टीम के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन भी किया।

अभियान के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल सहित नगर निगम की पूरी स्वच्छता टीम पूरी रात मुस्तैदी के साथ डटी रही।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व संख्या के बावजूद निर्धारित समय में सभी प्रमुख घाटों और मार्गों की सफाई पूर्ण कर ली गई। यह उपलब्धि सुव्यवस्थित कार्ययोजना, बेहतर समन्वय और कर्मचारियों की अथक मेहनत का परिणाम है। सोमवती अमावस्या स्नान के बाद चलाया गया यह विशेष स्वच्छता अभियान सफल और स्वच्छ आयोजन का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!