मंगलवार 14 अप्रैल 2026
हरिद्वार में जनगणना 2026 के कार्यों की धीमी प्रगति पर जिला अधिकारी मयूर दीक्षित ने कड़ी नाराजगी जताई है। देर रात जिला आपदा कंट्रोल रूम से समीक्षा बैठक करते हुए डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।

डीएम ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों और चार्ज अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि हाउस लिस्टिंग ब्लॉक से संबंधित सभी कार्य 18 अप्रैल 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिए जाएं। साथ ही जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत निर्धारित कार्य 25 अप्रैल से 5 मई 2026 के बीच हर हाल में पूरे किए जाएं।

बैठक में एग्रीस्टेट से जुड़े कार्यों—आधार सीडिंग (Aadhaar Seeding), डीसीएस विकास (DCS) , किसान रजिस्ट्री (Farmer Registry) की भी समीक्षा की गई। डीएम ने इन कार्यों को भी सुनियोजित रणनीति के तहत तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा, सभी उपजिलाधिकारी और तहसीलदारों को लंबित राजस्व वादों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आम जनता को बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।

डीएम ने अधिकारियों को सतत मॉनिटरिंग, बेहतर समन्वय और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, जॉइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक, अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान उप जिलाधिकारी रुड़की अनिल कुमार शुक्ला ,नगर आयुक्त रुड़की राकेश चंद्र तिवारी,उपजिलाधिकारी हरिद्वार जितेंद्र कुमार, उपजिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र नेगी, उपजिलाधिकारी लक्सर सौरभ असवाल, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!