बुजुर्गों, महिलाओं और कम पढ़े-लिखे लोगों को बनाते थे निशाना, बिना नंबर प्लेट की बाइक से घूम रहे थे आरोपी…

कोतवाली बहादराबाद, 9 मई 2026।

हरिद्वार पुलिस को ATM ठगी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। बहादराबाद पुलिस ने दो शातिर ATM फ्रॉड आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17 संदिग्ध ATM कार्ड, दो मोबाइल फोन, नकदी और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक बरामद की है। आरोपी ATM बूथों के बाहर लोगों की मदद करने के बहाने उनके कार्ड बदलकर खातों से रकम उड़ाते थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जिले में बढ़ रही ATM ठगी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली बहादराबाद पुलिस को क्षेत्र में सक्रिय ATM फ्रॉड गिरोह के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

पुलिस टीम द्वारा बैंक और ATM बूथों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही थी। दिनांक 08 मई 2026 को उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज पुलिस टीम के साथ SBI ATM बूथ, पीपल चौक बहादराबाद के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बाइक फिसल गई और दोनों आरोपी झाड़ियों की ओर भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें मौके पर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में एक आरोपी ने अपना नाम शिवा उर्फ शिव (उम्र 32 वर्ष) पुत्र राजेश निवासी फेरुपुर महाराणा प्रताप कॉलोनी, थाना पथरी हरिद्वार बताया। उसके पास से 10 ATM कार्ड, एक मोबाइल फोन, पर्स और ₹200 नकद बरामद हुए। दूसरे आरोपी मधुसूदन उर्फ मनोज (उम्र 28 वर्ष) निवासी गढ़मीरपुर थाना रानीपुर हरिद्वार के कब्जे से 7 ATM कार्ड, मोबाइल फोन, पर्स और ₹700 नकद मिले।

सख्ती से पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कबूल किया कि वे ATM बूथों में बुजुर्गों, महिलाओं और कम पढ़े-लिखे लोगों को मदद का झांसा देकर उनके ATM कार्ड बदल लेते थे और बाद में खातों से रकम निकाल लेते थे। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहले भी ATM फ्रॉड मामलों में जेल जा चुके हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 17 ATM कार्ड, 2 मोबाइल फोन, ₹900 नकद और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में कोतवाली बहादराबाद में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्यवाही में कोतवाली बहादराबाद पुलिस टीम के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज, कांस्टेबल बिरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल मुकेश नेगी, कांस्टेबल नितुल यादव शामिल रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!