मंगलौर, 8 मई 2026 ।
हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र में हुए चर्चित गुड़ मंडी कार लूटकांड में फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत मंगलौर पुलिस ने हरियाणा के रोहतक में डेरा डालकर आरोपी को दबोचा। आरोपी पिछले करीब एक महीने से लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

दरअसल 14 मार्च 2026 को गुड़ मंडी मंगलौर क्षेत्र में तीन बदमाशों ने रोहित कुमार निवासी नगला ऐमाद की कार लूट ली थी। वारदात के बाद फरार होते समय बदमाशों ने एक स्कूटी सवार को टक्कर मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद कोतवाली मंगलौर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले में मुख्य आरोपी नीरज पुत्र नरेश को पुलिस ने 15 मार्च को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।

मंगलौर पुलिस ने लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र की मदद से हरियाणा के रोहतक क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी आदित्य उर्फ बिल्लू पुत्र राजवीर निवासी सांघी थाना सदर हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

इस कार्यवाही पुलिस टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक सुखपाल मान,कांस्टेबल सुधीर कुमार,कांस्टेबल मोहम्मद आमिर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!