भीड़ प्रबंधन, यातायात, स्वच्छता, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा और घाटों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने कसी कमर…
हरिद्वार, 2 जुलाई
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं हर हाल में 25 जुलाई तक पूरी कर ली जाएं, ताकि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित होने वाला कांवड़ मेला सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
डीएम ने कहा कि हरिद्वार में लाखों की संख्या में आने वाले कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।


बैठक में बिजली, पेयजल, बैरिकेडिंग, पार्किंग, कांवड़ पटरी मार्ग की मरम्मत, झाड़ियों की कटाई, पेड़ों की लॉपिंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को निर्देश दिए गए कि यात्रा मार्ग पर चल रहे सभी निर्माण कार्य शीघ्र पूरे कर निर्माण सामग्री तत्काल हटाई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
स्वच्छता व्यवस्था को लेकर डीएम ने नगर निगम और जिला पंचायत को व्यापक सफाई अभियान चलाने, सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई तथा पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे मेला क्षेत्र में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही बिना प्रशासनिक अनुमति के किसी भी निजी स्वास्थ्य शिविर के संचालन पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग को होटल, ढाबों और भोजनालयों की नियमित जांच करने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा सभी प्रतिष्ठानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं से ओवररेटिंग, मिलावट या खराब गुणवत्ता के भोजन की शिकायत किसी भी स्थिति में नहीं मिलनी चाहिए।
घाटों की सुरक्षा को लेकर सिंचाई विभाग और संबंधित एजेंसियों को सभी घाटों पर रेलिंग, सुरक्षा चेन और अन्य सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही घाटों और यात्रा मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की व्यवस्थाओं की समयबद्ध समीक्षा करने, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा सभी विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, अपर मेला अधिकारी दयानन्द सरस्वती, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, सचिव एचआरडीए प्रत्युष सिंह, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एसपी देहात शेखर सुयाल, उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।