रुड़की, 21 अप्रैल 2026:
हरिद्वार के रुड़की क्षेत्र तहसील रोड पर किए गए सौंदर्यीकरण एवं पेंटिंग कार्यों का शुभारंभ परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा किया गया। इस अवसर पर बालिकाओं के लिए कंप्यूटर शिक्षा पहल की भी शुरुआत की गई, जिसे एक सराहनीय कदम बताया गया।



कार्यक्रम में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि तहसील परिसर में आने वाले आम नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना, प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि सरकारी संपत्तियों एवं फुटपाथों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न हो, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि तहसील परिसर का सौंदर्यीकरण संयुक्त मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में कराया गया है, जिसमें फुटपाथों को सुव्यवस्थित करते हुए आकर्षक वॉल पेंटिंग की गई है। साथ ही, मुख्य द्वार और सार्वजनिक स्थलों को भी सुंदर बनाया गया है।
इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा बालिकाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने हेतु कंप्यूटर शिक्षा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रुड़की की प्रथम बैच की 15 छात्राओं को अध्ययन सामग्री वितरित की गई। इन छात्राओं का चयन विद्यालय स्तर पर आयोजित परीक्षा के माध्यम से किया गया है और उन्हें विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।


इसके साथ ही जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम का भी उद्घाटन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में त्वरित सूचना एवं राहत-बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं।



निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील कार्यालय में साफ-सफाई बनाए रखने तथा आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए। इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याएं भी सुनीं और उनके निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।


कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट, तहसीलदार एवं अपर तहसीलदार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
