ड्यूटी से लौटते समय बदरीनाथ हाईवे पर हुआ हादसा, सेना के पूर्व जवान और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी के निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर

ऋषिकेश/मुनिकीरेती, 23 जून
उत्तराखंड पुलिस के लिए मंगलवार की सुबह बेहद दुखद समाचार लेकर आई। थाना मुनिकीरेती क्षेत्र की शिवपुरी चौकी के प्रभारी विनोद शर्मा की एक भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उनकी निजी स्कॉर्पियो वाहन बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी विनोद शर्मा देर रात मुनिकीरेती थाने से ड्यूटी पूरी कर शिवपुरी चौकी लौट रहे थे। इसी दौरान शिवपुरी से पहले उनकी स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना काफी देर बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों के माध्यम से पुलिस प्रशासन तक पहुंची।

सूचना मिलते ही पुलिस एवं राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और कठिन परिस्थितियों के बीच खाई में उतरकर शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया गया।

रानीपोखरी निवासी विनोद शर्मा केवल एक पुलिस अधिकारी ही नहीं, बल्कि देश सेवा के प्रति समर्पित योद्धा भी थे। पुलिस विभाग में शामिल होने से पहले उन्होंने भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दी थीं। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने उत्तराखंड पुलिस में शामिल होकर अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की मिसाल कायम की।

अपने सेवा काल में उन्होंने ढालवाला और कैलाश गेट चौकी प्रभारी सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। उनके आकस्मिक निधन की खबर से पुलिस विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों और क्षेत्रीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है। हर कोई उन्हें एक कर्मठ, ईमानदार और जनता के बीच लोकप्रिय अधिकारी के रूप में याद कर रहा है।

“वर्दी का एक सच्चा सिपाही चला गया” — चौकी इंचार्ज विनोद शर्मा के असामयिक निधन से उत्तराखंड पुलिस ने अपना एक समर्पित अधिकारी खो दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!