हरिद्वार, 2 मई ।
रुड़की कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्कूटी चोरी की घटना का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 मई 2026 को गणेशपुर रुड़की निवासी प्रवीन कुमार ने अपनी स्कूटी चोरी होने की शिकायत कोतवाली गंगनहर में दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मु0अ0स0-0153/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक गंगनहर द्वारा टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
जांच के दौरान, पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने नहर पटरी स्थित कब्रिस्तान के पास से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान सोनू और बंशी, निवासी इब्राहिमी थाना सरसावा जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की स्कूटी भी बरामद कर ली है।
पुलिस टीम में शामिल:
अ0उ0नि0 आशीष कुमार, हे0का0 दुर्गा प्रसाद, का0 देवेश और का0 महिपाल सिंह (सीआईयू रुड़की) शामिल रहे।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।