हरिद्वार, 02 जून 2026।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को ज्ञापन सौंपा। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि अगस्त 2025 में बहादराबाद टोल प्लाजा पर हुए किसान आंदोलन के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा घरेलू सोलर सब्सिडी, ट्यूबवेल की बिजली मुफ्त करने तथा स्मार्ट मीटर व्यवस्था समाप्त करने सहित कई मांगों पर आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक उनका समाधान नहीं हो पाया है।

भाकियू (टिकैत) के गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि खेती लगातार घाटे का सौदा बनती जा रही है। डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों ने किसानों की लागत में भारी इजाफा कर दिया है। उन्होंने मांग की कि किसानों को टैक्स मुक्त डीजल उपलब्ध कराया जाए तथा प्रत्येक किसान को 50 लीटर डीजल पर विशेष राहत दी जाए।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि पटवारी सप्ताह में तीन दिन गांवों में और तीन दिन तहसील में बैठकर किसानों की समस्याओं का निस्तारण करें। साथ ही जनपद हरिद्वार में डीएपी, यूरिया और अन्य कृषि उर्वरकों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि किसानों को खाद की कमी का सामना न करना पड़े।

किसान नेताओं ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन आगे आंदोलन की रणनीति बनाने को बाध्य होगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी, जिला अध्यक्ष विजय शास्त्री, युवा मंडल अध्यक्ष पंकज चौधरी, सुरपाल, कुमार, परवेज कुमार, फिरोज अहमद, अरशद, प्रदीप कुमार, धर्मेंद्र सिंह, विकेश कुमार, सतीश कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान एवं किसान मजदूर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!