शिवालिक नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार तेज हो रही है। खासतौर पर वार्ड नंबर-7 में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए तेजी से काम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 19 अप्रैल को नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने सभासद अमरदीप सिंह ‘रॉबिन’ के साथ कई निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया।




कार्यक्रम के दौरान वीर शिवाजी नगर क्षेत्र की करीब पांच गलियों में सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद उन्हें जनता को समर्पित किया गया। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर नालियों का निर्माण और मरम्मत कार्य भी पूरा किया गया है। कुछ स्थानों पर अभी कार्य प्रगति पर हैं, जिन्हें जल्द ही पूरा करने का आश्वासन दिया गया



इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि क्षेत्र पहले काफी पिछड़ा हुआ था, इसलिए प्राथमिकता के आधार पर उन स्थानों पर सड़कें बनाई जा रही हैं, जहां अब तक सड़क की सुविधा नहीं थी। उन्होंने कहा कि लोगों को आवागमन और दैनिक जीवन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर पालिका लगातार प्रयासरत है।



उन्होंने यह भी बताया कि स्वच्छता और साफ-सफाई के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं का विस्तार नगर पालिका की प्राथमिकता में शामिल है। आने वाले एक से डेढ़ वर्ष के भीतर विस्तारित क्षेत्र सहित सभी वार्डों में विकास कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
वहीं, क्षेत्रवासियों ने इन विकास कार्यों के लिए सभासद अमरदीप सिंह ‘रॉबिन’ का आभार व्यक्त करते हुए उनका धन्यवाद किया।
नगर पालिका द्वारा किए जा रहे ये कार्य क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं, जिससे स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।