सिडकुल, 23 जून
हरिद्वार के सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में ठेकेदारों की एकजुटता और हितों की रक्षा के उद्देश्य से कॉन्ट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के गठन दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों और कंपनियों से जुड़े ठेकेदारों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत ठेकेदारों को कई प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सभी ठेकेदारों का एक मंच पर आना समय की मांग है। संगठन का मुख्य उद्देश्य ठेकेदारों के अधिकारों की रक्षा करना, उनके व्यावसायिक हितों को सुरक्षित रखना और उद्योगों व ठेकेदारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
इस अवसर पर सर्वसम्मति से कॉन्ट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। संरक्षक पद की जिम्मेदारी मदन सिंह रावत एवं सुंदर पाल सैनी को सौंपी गई, जबकि अजय कुमार तिवारी को अध्यक्ष और विवेक कुमार चौहान को महामंत्री चुना गया।
नई कार्यकारिणी में मोहन राणा, सचिन चौधरी, गौरव एवं अनुज चौहान को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। अतुल राय और सुनील चौधरी को संगठन मंत्री, धनंजय पराशर को कोषाध्यक्ष तथा परवीन धीमान को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई। वहीं राधे श्याम, सोनू चौधरी, संजय मेहता, तेजवीर सिंह एवं नितिन चौहान को कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद ठेकेदारों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लेते हुए कहा कि एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। संगठन के माध्यम से ठेकेदारों की समस्याओं का प्रभावी समाधान कराने के साथ-साथ उद्योगों और ठेकेदारों के बीच सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक संबंध स्थापित किए जाएंगे।
समारोह के दौरान विभिन्न कंपनियों से जुड़े ठेकेदारों ने संगठन की कार्यशैली की सराहना करते हुए भविष्य में भी संगठन के साथ मिलकर कार्य करने का भरोसा जताया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं सक्रिय सदस्यों को सम्मानित किया गया तथा संगठन की आगामी योजनाओं और कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।