हरिद्वार, 27 नवंबर।
उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार में संविधान दिवस के अवसर पर शिक्षा शास्त्र विभाग एवं SC/ST, OBC, PWD एवं माइनॉरिटी सेल के संयुक्त तत्वावधान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। साथ ही मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और शिक्षा के क्षेत्र में संवैधानिक प्रावधानों पर सार्थक चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद छात्राध्यापक अनुज कुमार ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया। कार्यक्रम का संचालन छात्राध्यापक सूरज पांडेय ने किया।

इस दौरान छात्राध्यापिका प्रतिभा सक्सेना ने मौलिक कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की नैतिक एवं सामाजिक जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। वहीं छात्राध्यापक आकाशदीप ने मौलिक अधिकारों की व्याख्या करते हुए बताया कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार प्रदान करता है।
छात्राध्यापक प्रदीप जोशी ने संविधान के शैक्षिक प्रावधानों की अनुच्छेदवार जानकारी देते हुए शिक्षा के अधिकार, समान शैक्षिक अवसरों तथा वंचित एवं कमजोर वर्गों के शैक्षिक हितों के संरक्षण से जुड़ी संवैधानिक व्यवस्थाओं पर विचार रखे।
संविधान केवल शासन का दस्तावेज नहीं, लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है : डॉ. प्रकाश चंद्र पंत
कार्यक्रमाध्यक्ष डॉ. प्रकाश चंद्र पंत ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक समरसता, समानता और नागरिक गरिमा का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ अपने मौलिक कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करना चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि एक आदर्श शिक्षक के लिए संवैधानिक मूल्यों की समझ बेहद जरूरी है, क्योंकि शिक्षक ही भावी पीढ़ी में लोकतांत्रिक चेतना, समानता, सहिष्णुता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करता है।
सेल की नोडल अधिकारी श्रीमती मीनाक्षी सिंह रावत ने संविधान निर्माण की प्रक्रिया, उसकी मूल भावना और नागरिक जीवन में उसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संविधान में दिए गए अधिकार व्यक्ति को सम्मानजनक जीवन का अवसर देते हैं, जबकि मौलिक कर्तव्य उसे राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराते हैं। उन्होंने शैक्षिक संस्थानों में संवैधानिक आदर्शों को व्यवहार में लागू करने और प्रत्येक विद्यार्थी को समान अवसर एवं सम्मानजनक शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने संविधान की मूल भावना को अपने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में आत्मसात करने तथा जागरूक, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रो. विंदुमती द्विवेदी, डॉ. सुमन प्रसाद भट्ट सहित शिक्षाशास्त्र विभाग के छात्राध्यापक एवं छात्राध्यापिकाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भावी शिक्षकों में संवैधानिक चेतना विकसित करना तथा उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और शैक्षिक समानता के प्रति जागरूक बनाना रहा।