हरिद्वार , 28 अप्रैल।
ऊधम सिंहनगर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां रुद्रपुर पुलिस लाइन में तैनात एएसआई संजय खाती (54 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना से पुलिस विभाग और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

संजय खाती मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट क्षेत्र के ग्राम मल्ला गरका के निवासी थे। वह वर्तमान में रुद्रपुर पुलिस लाइन के सरकारी आवास में परिवार के साथ रह रहे थे।

परिजनों के अनुसार, सोमवार दोपहर भोजन करने के बाद वह आराम करने के लिए सोए थे। रात करीब 10 बजे जब उनकी नाइट ड्यूटी का समय हुआ, तो परिवार ने उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं जागे। काफी प्रयासों के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो परिजन घबरा गए और तुरंत 108 एंबुलेंस की सहायता से उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार और सहकर्मियों में गहरा शोक है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। रुद्रपुर कोतवाली के एसएसआई अनिल जोशी के अनुसार, शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मंगलवार सुबह एसआई धीरज टम्टा ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को मोर्चरी भेजा।
फिलहाल मौत के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

सहकर्मियों के अनुसार, संजय खाती एक जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी थे। उनके आकस्मिक निधन से विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है। पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस लाइन में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!