हरिद्वार, 21 नवंबर!
हरिद्वार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आए, वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीआईपी आगमन और भारी भीड़ के बीच व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए खुद मोर्चा संभाला।

पंचूर गांव से हरिद्वार तक पहुंची अंतिम यात्रा
सावित्री देवी का पार्थिव शरीर पौड़ी गढ़वाल स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार लाया गया। चंडीघाट स्थित नमामि गंगे घाट पर अंतिम संस्कार की रस्में संपन्न हुईं। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां के पार्थिव शरीर को कंधा भी दिया। अंतिम विदाई के समय वह कई बार भावुक हुए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

मुख्यमंत्री योगी के छोटे भाई महेंद्र और शैलेंद्र ने मुखाग्नि दी।

भीड़ के बीच सीएम धामी ने संभाली व्यवस्था
अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से घाट पर काफी भीड़ जमा हो गई। कई वीआईपी और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी के चलते सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन प्रशासन के लिए चुनौती बना रहा। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी व्यवस्थाओं का जायजा लेते नजर आए।

राजनीतिक और संत समाज की रही मौजूदगी
अंतिम संस्कार में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और संत-महात्माओं ने पहुंचकर सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इनमें उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सांसद रवि किशन, योग गुरु बाबा रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी और स्वामी चिदानंद सरस्वती सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे।

सावित्री देवी ने 91 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उनके निधन से परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर है।

ॐ शांति! विनम्र श्रद्धांजलि।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!