हरिद्वार, 4 अक्टूबर 2026।
रेलवे स्टेशन पर सहमा और रोता-बिलखता मिला नाबालिग बालक अब सकुशल अपने परिवार के पास पहुंच गया। जीआरपी लक्सर पुलिस की संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और अथक प्रयासों के चलते पुलिस ने बालक के परिजनों का पता लगाकर आवश्यक सत्यापन के बाद उसे उसके पिता के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को जीआरपी लक्सर पुलिस टीम रेलवे स्टेशन पर चेकिंग एवं गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर-1 पर पुलिस कर्मियों की नजर एक नाबालिग बालक पर पड़ी, जो सहमा हुआ और रोता-बिलखता लावारिस अवस्था में था। पुलिस टीम ने तत्काल बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और जीआरपी थाना लक्सर स्थित खोया-पाया केंद्र में पहुंचाया।
महिला कांस्टेबल 127 ममता की निगरानी में बच्चे को सुरक्षित रखा गया। पुलिसकर्मियों ने बच्चे को भरोसा दिलाते हुए प्यार और दुलार से बातचीत की। धीरे-धीरे सहज होने पर बालक ने अपना नाम प्रियांशु तथा पता झलेरा, हिमाचल प्रदेश बताया।
बालक द्वारा बताए गए पते को आधार बनाकर जीआरपी पुलिस ने बिना समय गंवाए संबंधित थाना एवं ग्राम प्रधान से संपर्क साधने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने गूगल के माध्यम से उपलब्ध जानकारी का उपयोग करते हुए लगातार प्रयास किए और आखिरकार बालक के परिजनों से संपर्क स्थापित करने में सफलता हासिल की।
एक दिन से परिजन कर रहे थे तलाश
परिजनों के अनुसार, वे 2 अक्टूबर को ऊना से अंबाला अपनी रिश्तेदारी में आए थे। इसी दौरान उनका बालक घूमते-घूमते अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब बालक का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने अंबाला पुलिस को मौखिक रूप से सूचना दी। बालक की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे थे।
इसी बीच जीआरपी लक्सर पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर उन्हें बड़ी राहत देने वाली सूचना दी कि उनका बालक लक्सर रेलवे स्टेशन पर सकुशल मिल गया है।
सूचना मिलते ही परिजन तत्काल जीआरपी थाना लक्सर पहुंचे। आवश्यक पूछताछ और सत्यापन की कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने नाबालिग प्रियांशु को उसके पिता धर्मवीर सिंह निवासी झलेरा, हिमाचल प्रदेश के सुपुर्द कर दिया।
बालक को देखते ही छलक उठीं परिजनों की खुशियां
लापता बच्चे को सकुशल सामने पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। लंबे समय से चिंता और बेचैनी में डूबे परिवार को जब उनका बच्चा सुरक्षित मिला तो भावुक माहौल बन गया। परिजनों ने जीआरपी लक्सर पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली की जमकर सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
जीआरपी लक्सर पुलिस की यह कार्रवाई न केवल पुलिस की तत्परता को दर्शाती है, बल्कि यह भी संदेश देती है कि संकट की घड़ी में संवेदनशील और जिम्मेदार पुलिसिंग किसी परिवार के लिए सबसे बड़ी राहत बन सकती है।