नैनीताल, 11 अगस्त।
नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर ताकुला के समीप आज मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हल्द्वानी से नैनीताल की ओर आ रही एक ग्रे रंग की आई-10 कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कार संख्या UK-07-AM-7810 में पिथौरागढ़ और टिहरी गढ़वाल निवासी चार लोग सवार थे। ताकुला के समीप पहुंचते ही अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे खाई में पलटते हुए जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
ताकुला निवासी बसंत मेहरा ने अन्य स्थानीय लोगों के साथ मिलकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में उतरकर कार सवार घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस और कोतवाली के वाहन की मदद से सभी घायलों को तत्काल बी.डी. पांडे जिला अस्पताल, नैनीताल पहुंचाया।
हादसे में 28 वर्षीय नवीन चंद्र, 66 वर्षीय कैलाश चंद्र, 23 वर्षीय नितेश और 63 वर्षीय देवी दत्त घायल हुए हैं। अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी घायलों की जांच की और एक्स-रे सहित अन्य आवश्यक परीक्षणों के लिए भेजा है।
बताया जा रहा है कि चारों लोग किसी काम से हाईकोर्ट जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों को समय रहते खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
तल्लीताल कोतवाली के एएसआई सुनील कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।