हरिद्वार,20 जुलाई।
शिवालिक नगर कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्ष मोहन सिंह राणा के संयोजन में रविवार को मैंगो पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर संगठन की एकजुटता, आपसी समन्वय और भाईचारे का संदेश दिया। आम की मिठास के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा और जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने कहा कि आम हमेशा से भारतीय परिवारों की पसंद रहा है। जिस प्रकार आम अपनी मिठास से लोगों को जोड़ता है, उसी प्रकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी उत्साह, सौहार्द और समर्पण की भावना बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और आपसी समन्वय से ही संगठन को मजबूती मिलती है।

इस दौरान राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने राष्ट्रीय मुद्दों पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में धरने और भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को जबरन धरना स्थल से हटाना सरकार की नाकामी को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों के संवैधानिक अधिकारों का दमन किया जा रहा है। उन्होंने इस कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराने का अधिकार है। उन्होंने राहुल गांधी के हालिया कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि देश की जनता आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी और मनोज सैनी ने कहा कि मैंगो पार्टी जैसे आयोजन केवल सामाजिक मेल-मिलाप का माध्यम नहीं हैं, बल्कि कार्यकर्ताओं के बीच संवाद, आत्मीयता और संगठनात्मक विश्वास को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की रीति-नीतियों और जनहित के मुद्दों को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफाक अली और कांग्रेस नेता विकास चौधरी ने सभी को मैंगो पार्टी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय आम अपनी गुणवत्ता और स्वाद के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में भाईचारा और सद्भाव बढ़ाने का काम करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य और केंद्र सरकार जनता को जाति और धर्म के आधार पर बांटने की राजनीति कर रही हैं, जबकि कांग्रेस समाज को जोड़ने और लोगों के बीच खुशियां बांटने का काम करती है।

ब्लॉक अध्यक्ष मोहन सिंह राणा, विकास चंद्रा और तीर्थपाल रवि ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ होते हैं। ऐसे आयोजन कार्यकर्ताओं के बीच संवाद, मेलजोल और विश्वास को मजबूत करते हैं तथा संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी संगठन की मजबूती और एकजुटता का प्रमाण है।

कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने बढ़ती महंगाई को लेकर भी केंद्र और राज्य सरकार पर हमला बोला। उनका कहना था कि भाजपा शासन में आम जनता लगातार महंगाई से परेशान है और सरकार इस पर नियंत्रण करने में विफल रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और समाज में खुशियां तथा भाईचारा कायम रखने के लिए ऐसे आयोजन आगे भी किए जाते रहेंगे।

इस अवसर पर पूर्व विधायक रामयश सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफाक अली, अखिल त्यागी, अरविंद गुर्जर, पूनम भगत, ओपी चौहान, संतोष चौहान, दिनेश कुमार, विनोद कुमार, नंदलाल राणा, अजमोल मोदी, दाताराम चौहान, इरशाद खान, इरफान अंसारी, छम्मा ठेकेदार, नईम कुरैशी, मकबूल कुरैशी, अयान कुरैशी, आशीष सैनी, एमडी शर्मा, अनंत पांडेय, आयुष श्रीवास्तव, लता जोशी, सुमन अग्रवाल, उषा शर्मा, महेश प्रताप राणा, कैलाश प्रधान, बीपीएस तेजियान, सुरेंद्र ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने आम की मिठास का आनंद लेते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!