हरिद्वार,20 जुलाई।
सावन के पावन महीने में एसएसपी हरिद्वार के निर्देशन में पुलिस ने 200 से अधिक लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटाते हुए खोए हुए 205 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए। इन मोबाइलों की कुल बाजार कीमत 46 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। यह सफलता एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व और मार्गदर्शन में थाना सिडकुल पुलिस ने हासिल की।





थाना सिडकुल परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में एसएसपी नवनीत सिंह और अन्य पुलिस अधिकारियों ने मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया और पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
एसपी सिटी निशा यादव ने कहा कि “आज के समय में मोबाइल फोन हर व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। हमें खुशी है कि हम इतने बड़े स्तर पर लोगों की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाकर उन्हें खुशियां दे पा रहे हैं।”
पुलिस के अनुसार बरामद किए गए मोबाइल उत्तराखंड के अलावा देश के विभिन्न राज्यों से रिकवर किए गए हैं। इनमें सिडकुल की औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत बाहरी राज्यों के कर्मचारियों के मोबाइल भी शामिल हैं, जबकि कई मोबाइल स्थानीय निवासियों के थे।
मोबाइल रिकवरी में बनाया नया रिकॉर्ड
थाना सिडकुल पुलिस ने बीते 11 महीनों में आठवीं बार बड़ी संख्या में खोए हुए मोबाइल बरामद कर लोगों को लौटाए हैं। वर्ष 2026 में अब तक कुल 475 मोबाइल फोन रिकवर किए जा चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ थाना सिडकुल मोबाइल रिकवरी के मामले में जनपद ही नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड में अग्रणी बना हुआ है।
बरामद मोबाइलों का विवरण
iPhone – 4
Oppo – 38
Nothing – 15
Samsung – 35
Realme – 32
Mi – 12
Vivo – 44
OnePlus – 19
IQOO – 6
रिकवरी अभियान में शामिल सिडकुल पुलिस टीम
इस सफल अभियान में थानाध्यक्ष अजय शाह, एसएसआई प्रवीण बिष्ट और हेड कांस्टेबल विवेक यादव सहित थाना सिडकुल पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
हरिद्वार पुलिस ने कहा कि आमजन की खोई हुई संपत्ति को जल्द से जल्द वापस दिलाना उसकी प्राथमिकता है। भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।