देहरादून, 17 जुलाई।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कार्यक्रम स्थल पर वाटरप्रूफ टेंट लगाने के दौरान क्रेन से उठाया जा रहा लोहे का भारी बीम अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से कांग्रेस नेता अमर मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून में आयोजित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों से संवाद करने वाले हैं। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। इसी दौरान मंच और टेंट निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा था। क्रेन की मदद से वाटरप्रूफ टेंट का स्ट्रक्चर खड़ा किया जा रहा था, तभी अचानक लोहे का भारी बीम संतुलन बिगड़ने से नीचे आ गिरा और वहां मौजूद कांग्रेस नेता अमर मेहता के सिर पर जा लगा।

हादसे के तुरंत बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आयोजकों ने गंभीर रूप से घायल अमर मेहता को तत्काल सीएमआई अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका उपचार शुरू किया। हालांकि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही और उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने अमर मेहता के निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता को खो दिया है। डॉक्टरों ने भी इलाज के दौरान उनकी मृत्यु की पुष्टि की। फिलहाल उनके शव का पोस्टमार्टम कोरोनेशन अस्पताल में कराया जा रहा है।

इस हादसे के बाद कांग्रेस संगठन में शोक की लहर दौड़ गई है। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कार्यकर्ता और नेता स्तब्ध हैं। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने अस्पताल पहुंचकर शोक व्यक्त किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने अमर मेहता को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें संगठन का कर्मठ और समर्पित सिपाही बताया।

फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि टेंट निर्माण के दौरान क्रेन से उठाए जा रहे लोहे के स्ट्रक्चर का संतुलन बिगड़ने से यह दुर्घटना हुई। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुट गई हैं। राहुल गांधी के कार्यक्रम पर इस हादसे का गहरा असर पड़ा है और पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!