हरिद्वार, 7 जुलाई।
उत्तराखंड सरकार में दर्जाधारी राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने सोमवार,दिनांक 6 जुलाई को चंडी देवी मंदिर मार्ग एवं मंदिर परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मार्ग और मंदिर परिसर में फैली गंदगी तथा अव्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने गहरी नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों, उषा ब्रेको प्रबंधन और दुकानदारों को स्वच्छता व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

राज्यमंत्री ने कहा कि चंडी देवी मंदिर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे पवित्र स्थल पर गंदगी और लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने मंदिर मार्ग पर जगह-जगह फैली गंदगी को तत्काल हटाने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंदिर मार्ग पर कई स्थानों पर आई दरारों को देखकर भी उन्होंने नाराज़गी जताई। उन्होंने वन विभाग एवं उषा ब्रेको के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित और सुगम बनी रहे। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को गंभीरता से लिया जाए और आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल किए जाएं।

राज्यमंत्री ने मौके पर मौजूद उषा ब्रेको के प्रबंधक एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि तीन दिनों के भीतर मंदिर मार्ग और परिसर की संपूर्ण सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि दोबारा गंदगी या अव्यवस्था मिली तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और संस्थाओं के खिलाफ नियमानुसार एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और मंदिर मार्ग की स्थिति का भी जायजा लिया तथा संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य कर व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!