हल्द्वानी, 23 जून
मुखानी क्षेत्र स्थित KVM स्कूल में मंगलवार शाम अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शाम करीब 7 बजे स्कूल भवन में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। बहुमंजिला इमारत धू-धूकर जलने लगी और आग की ऊंची लपटें व धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।

जानकारी के अनुसार, आग की चपेट में स्कूल परिसर में खड़ी तीन बसें भी आ गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया और लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भयावह थी कि इसकी लपटें काफी दूर से देखी जा सकती थीं। राहत की बात यह रही कि घटना के समय स्कूल परिसर में किसी के फंसे होने की सूचना नहीं मिली, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।

फिलहाल प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जबकि आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!