रानीपुर,15 जून ।
उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के रानीपुर विधानसभा के नव नियुक्त अध्यक्ष विशाल धीमान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के माध्यम से उन्होंने क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए उत्तराखंड राज्य आंदोलन की विरासत, अंकिता भंडारी प्रकरण और प्रदेश के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी।
विशाल धीमान ने कहा कि वह किसी बाहरी पार्टी के प्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि उत्तराखंड की अपनी क्षेत्रीय पार्टी उत्तराखंड क्रांति दल के एक कार्यकर्ता के रूप में जनता से संवाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल वही पार्टी है जिसने अलग उत्तराखंड राज्य की मांग को जन-जन तक पहुंचाया और राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष उत्तराखंड स्थापना दिवस मनाया जाता है, लेकिन उन शहीदों, माताओं-बहनों, युवाओं और आंदोलनकारियों को पर्याप्त सम्मान और स्मरण नहीं मिल रहा है जिन्होंने राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन के संघर्ष और बलिदानों को भुलाया नहीं जाना चाहिए।
अंकिता भंडारी मामले का उल्लेख करते हुए विशाल धीमान ने कहा कि अंकिता भंडारी उत्तराखंड की बेटी थी और उत्तराखंड क्रांति दल लगातार उसे न्याय दिलाने की लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता सच सामने आने और दोषियों को कड़ी सजा मिलने की उम्मीद कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में कई महत्वपूर्ण सवाल अब भी अनुत्तरित हैं और प्रदेश की जनता तथा अंकिता भंडारी के परिवार को न्याय एवं जवाबदेही का इंतजार है।
उन्होंने कहा कि वर्षों तक जनता ने राष्ट्रीय दलों को अवसर दिया है, लेकिन अब समय आ गया है कि उत्तराखंड के हितों की बात करने वाली क्षेत्रीय पार्टी को भी मौका दिया जाए। जल, जंगल, जमीन, रोजगार और प्रदेश के स्वाभिमान की रक्षा के लिए उत्तराखंड की मजबूत आवाज विधानसभा तक पहुंचना आवश्यक है।
अपने संबोधन के अंत में विशाल धीमान ने क्षेत्रवासियों से आगामी चुनावों में उत्तराखंड क्रांति दल का समर्थन करने और अपने वोट से पार्टी को मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हितों की लड़ाई को नई ताकत देने के लिए जनता का सहयोग जरूरी है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाओं का विषय बना हुआ है।