हरिद्वार, 14 जून ।
स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में वरिष्ठ कांग्रेस नेता वरुण बलियान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार शाम, दिनांक 13 जून को जटवाड़ा पुल से श्रीराम चौक, ज्वालापुर तक पैदल मार्च निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्मार्ट मीटर योजना को जनविरोधी बताया।

पैदल मार्च को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता वरुण बलियान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार स्मार्ट मीटरों के माध्यम से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने की मंशा से यह योजना लागू कर रही है। बलियान ने कहा कि उत्तराखंड ऊर्जा उत्पादन करने वाला प्रदेश है, लेकिन प्रदेशवासियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार को स्मार्ट मीटर नहीं, बल्कि स्मार्ट स्कूल, स्मार्ट अस्पताल और स्मार्ट कॉलेजों की आवश्यकता है।

वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर ने भी स्मार्ट मीटर योजना का विरोध करते हुए कहा कि यह योजना आम जनता के हित में नहीं है। उन्होंने सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की।

कांग्रेस नेता राव ने कहा कि उत्तराखंड देश को ऊर्जा, पानी और पर्यावरण जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान करता है, ऐसे में प्रदेशवासियों पर अतिरिक्त शुल्क और मीटर व्यवस्था थोपना अन्यायपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रदेश की जनता को राहत देने के लिए बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने स्मार्ट मीटर योजना को वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। साथ ही उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में इस मुद्दे को जनता के बीच प्रमुखता से उठाने की बात कही।

प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग, वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर, पूर्व पार्षद इसरार अहमद, पूर्व नगर अध्यक्ष अंकित चौहान, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष लक्ष्य चौहान, महानगर उपाध्यक्ष मयंक त्यागी, कैश खुराना, पार्षद विवेक भूषण, सुनील कुमार, रोहित सेठी, हिमांशु गुप्ता, नितिन तेजेश्वर, विवेक जगरिया, ब्लॉक अध्यक्ष यूथ कांग्रेस अयान सैफी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!