हल्द्वानी, 9 जून।
हल्द्वानी शहर के शनि बाजार रोड पर सोमवार शाम दिनक 08 जून को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोरी की जान चली गई। मृतका हादिया, जो उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की रहने वाली थी, अपने मामा के घर छुट्टियां बिताने के लिए हल्द्वानी आई हुई थी।
जानकारी के अनुसार, हादिया शाम के समय स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान वह एक कैंटर की चपेट में आ गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि उसका सिर वाहन के पिछले टायर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने कैंटर पर पथराव कर विरोध जताया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए वाहन को कब्जे में ले लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ अमित सैनी समेत पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।