लगातार बढ़ रही आग की घटनाओं से सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल..

हल्द्वानी, 14 जून ।
नैनीताल रोड स्थित डिग्री कॉलेज के पास रविवार को एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि यह घटना 13 जून (शनिवार) की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेस्टोरेंट परिसर में अचानक आग भड़क उठी, जो देखते ही देखते तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। फायर कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग को आसपास के प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोकने के लिए कड़ी मशक्कत की।

घंटों चले अभियान के बाद दमकल विभाग की टीम आग पर काबू पाने में सफल रही। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन रेस्टोरेंट को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में हल्द्वानी में आग लगने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ समय पहले अमेजन के एक गोदाम में लगी भीषण आग में दो युवकों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं ने शहर की अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!