हल्द्वानी, 08 जून ।
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला मीडिया प्रभारी भुवन भट्ट ने उत्तराखंड भाजपा में पुराने और जमीनी कार्यकर्ताओं की लगातार हो रही उपेक्षा पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं की मेहनत, संघर्ष और समर्पण के बल पर भाजपा प्रदेश में दो बार सत्ता तक पहुंची, आज वही कार्यकर्ता संगठन में खुद को हाशिये पर महसूस कर रहे हैं।

भुवन भट्ट ने कहा कि पिछले 35 वर्षों से पार्टी से जुड़े निष्ठावान कार्यकर्ताओं को संगठन में उनकी योग्यता और योगदान के अनुरूप सम्मान व जिम्मेदारियां नहीं मिल रही हैं। उनका आरोप है कि अन्य दलों से आए नेताओं और हाल के वर्षों में भाजपा में शामिल हुए लोगों को महत्वपूर्ण पद एवं दायित्व सौंपे जा रहे हैं, जबकि वर्षों से पार्टी के लिए समर्पित कार्यकर्ता केवल कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं, भीड़ जुटाने और प्रचार-प्रसार तक सीमित कर दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में स्थिति और भी चिंताजनक है। स्थानीय स्तर पर अधिकारियों की मनमानी बढ़ती जा रही है तथा आम जनता के साथ-साथ भाजपा कार्यकर्ताओं की समस्याओं को भी गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है। इससे जनता और संगठन दोनों के भीतर असंतोष का माहौल बन रहा है।

भुवन भट्ट ने पार्टी नेतृत्व से मांग की कि समर्पित और जमीनी कार्यकर्ताओं को संगठन में उनकी मेहनत और योगदान के अनुरूप उचित स्थान दिया जाए। साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित कर जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराया जाए।

उन्होंने संगठन को आगाह करते हुए कहा कि यदि जमीनी कार्यकर्ताओं का सम्मान और मनोबल लगातार कमजोर होता रहा तो इसका असर संगठन की मजबूती और भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर भी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं और उनकी अनदेखी संगठन के लिए शुभ संकेत नहीं मानी जा सकती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!