उधमसिंह नगर, 03 जून 2026।
नैनीताल उच्च न्यायालय ने उधम सिंह नगर के काशीपुर में हुए एक संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा आदेश जारी किया है। अदालत ने मृतक के परिजनों की याचिका पर सुनवाई करते हुए शव को कब्र से निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए हैं।
मामला काशीपुर के कटोराताल क्षेत्र का है, जहां 16 व 17 मई की रात एक युवक का शव उसके घर में मिला था। पोस्टमार्टम के बाद शव को दफना दिया गया था। मृतक के पिता इमरान ने उच्च न्यायालय में रिट याचिका दाखिल कर दोबारा पोस्टमार्टम और मामले में एफ आई आर दर्ज कराने की मांग की थी।
याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता टी.ए. खान ने अदालत को बताया कि मृतक के कान के नीचे चोट का निशान था। वहीं, जिस स्थान पर युवक का शव मिला, वहां खून के निशान और खून से सनी चादर भी बरामद हुई थी, जिससे मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल की एकलपीठ ने सुशीला तिवारी अस्पताल के डॉक्टरों का एक विशेषज्ञ पैनल गठित कर शव को कब्र से निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम कराने के आदेश दिए हैं। अब इस दोबारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से युवक की मौत के रहस्य से पर्दा उठने की उम्मीद जताई जा रही है।