
देहरादून, 02 जून 2026।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने सम्मिलित राज्य सिविल एवं प्रवर अधीनस्थ सेवा (PCS)-2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। परिणाम के साथ ही प्रदेश को नौ नए डिप्टी कलेक्टर मिले हैं। इस बार के नतीजों में बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
डिप्टी कलेक्टर पद की मेरिट सूची में जसमीत कौर ने पहला स्थान हासिल कर सफलता का नया इतिहास रच दिया, जबकि वर्षा जोशी दूसरे स्थान पर रहीं। शीर्ष दो स्थानों पर महिलाओं का कब्जा इस परीक्षा की सबसे बड़ी उपलब्धियों में माना जा रहा है।
आयोग द्वारा मुख्य परीक्षा, साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड परीक्षण और चिकित्सीय परीक्षण के आधार पर अंतिम चयन सूची जारी की गई है। डिप्टी कलेक्टर पद पर जसमीत कौर, वर्षा जोशी, आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियां, वायरल शर्मा, उज्ज्वल डालाकोटी और काजल सैनी का चयन हुआ है।
पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) पद पर अदिति पुनेठा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस पद के लिए ऐश्वर्या भट्ट, मनीष चंद्र रमोला, संदीप कुमार सिंह पटेल, शताक्षी शर्मा, सक्षम, गोविंद पांडेय, हिमांशु दिवाकर, श्रेया सिंह और प्रकृति नेगी भी सफल घोषित किए गए हैं।
इसके अलावा जिला कमांडेंट होमगार्ड, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा कार्याधिकारी जिला पंचायत समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर भी अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।