हरिद्वार, 02 जून 2026।
कांवड़ यात्रा के दौरान गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास कांवड़ यात्री को गोली मारने की सनसनीखेज घटना का हरिद्वार पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार मामूली कहासुनी और आपसी टिप्पणी ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके चलते यह वारदात हुई।
जानकारी के अनुसार, 1 जून 2026 की मध्य रात्रि डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास कांवड़ लेकर लौट रहे एक युवक को बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही कोतवाली कनखल पुलिस, क्षेत्राधिकारी नगर और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा से गंगाजल लेकर लौट रहे चार कांवड़ यात्रियों की 6-7 बाइक सवार युवकों से कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर बाइक सवार युवकों ने हरियाणा के पानीपत निवासी अजय पुत्र नरेश को गोली मार दी। घायल अजय को तत्काल भूमानंद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल शिवराज पुत्र जबर सिंह (उम्र 20 वर्ष) निवासी शांतिपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर को वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर आदित्य कुमार पुत्र राजकुमार (उम्र 20 वर्ष) निवासी शांतिपुरम कॉलोनी जगजीतपुर, हेमंत कुमार पुत्र मनोज कुमार (उम्र 22 वर्ष) निवासी शांतिपुरम कॉलोनी जगजीतपुर और वंश गुप्ता पुत्र अखिलेश गुप्ता निवासी फुटबॉल ग्राउंड जगजीतपुर को भी हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कांवड़ यात्रा की सुरक्षा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।