कोतवाली रानीपुर, 02 जून 2026।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार दिनांक 01 जुन को कोतवाली रानीपुर में एसएसपी द्वारा प्रेस वार्ता में खुलासा किया गया। एसपी सिटी और एसपी सदर भी मौजूद रहे।
कोतवाली रानीपुर और सीआईयू की संयुक्त टीम ने तमंचे के बल पर स्कूटी, मोबाइल, पर्स और नकदी लूटने वाले चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्कूटी, मोबाइल, पर्स, नकदी, तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 23 मई 2026 की रात सिडकुल क्षेत्र से अपने घर लौट रहे सौरभ सती निवासी ब्रज विहार कॉलोनी, सीतापुर को चिन्मय डिग्री कॉलेज के पास चार स्कूटी सवार युवकों ने रोक लिया था। आरोपियों ने तमंचा दिखाकर उन्हें धमकाया और उनकी स्कूटी, मोबाइल फोन, पर्स तथा पांच हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए थे। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना शहर के पॉश इलाके में होने के कारण एसएसपी नवनीत सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी के नेतृत्व में कोतवाली रानीपुर और सीआईयू की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने पुराने अपराधियों से पूछताछ की, सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र सक्रिय किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात से पहले और बाद में मुख्य सड़कों के बजाय गली-मोहल्लों के रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि उन्हें क्षेत्र की अच्छी जानकारी थी और वे स्थानीय निवासी हो सकते हैं। इसी आधार पर पुलिस ने संदिग्ध युवकों पर निगरानी बढ़ाई।

रविवार 31 मई की रात मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने रेगुलेटर पुल के पास चार संदिग्ध युवकों को स्कूटी सहित रोक लिया। पूछताछ और वाहन की जांच में पता चला कि स्कूटी वही लूटी गई स्कूटी थी, जिस पर पहचान छिपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित का मोबाइल फोन, पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, नकदी, एक देशी तमंचा, जिंदा कारतूस और चाकू बरामद किया।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में निकले थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उन्हें समय रहते दबोच लिया गया। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि गिरफ्तारी से एक और संभावित आपराधिक घटना टल गई।

आरोपीयो की पहचान :-
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कार्तिक सैनी (उम्र 20 वर्ष), निवासी ऋषिकुल, शिवांश उर्फ विलन (उम्र 21 वर्ष), निवासी वेद सिटी, अहमदपुर ग्रांट बहादराबाद , लक्की (उम्र 19 वर्ष), निवासी सिया कॉलोनी, राजा गार्डन कनखल, वंश चंचल (20 वर्ष) निवासी राजू नगर बस अड्डा क्षेत्र, हरिद्वार के रूप में हुई।

बरामदगी :-
पुलिस ने लूटी गई स्कूटी ,वारदात में प्रयुक्त दूसरी स्कूटी , आईक्यूओओ मोबाइल फोन, पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड और नकदी
देशी तमंचा 315 बोर (एक जिंदा कारतूस) व एक चाकू बरामद किये।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:-
इस सफल खुलासे में कोतवाली रानीपुर के प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी, उपनिरीक्षक चरण सिंह (चौकी प्रभारी गैस प्लांट), उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल, कांस्टेबल विवेक गुसाईं, प्रेम सिंह दानू, हरीश राणा, उदय चौहान, नवीन क्षेत्री तथा सीआईयू प्रभारी नरेंद्र सिंह बिष्ट, कांस्टेबल वसीम, हरवीर, दीप गौड़, नरेंद्र और उमेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!