हल्द्वानी , 22 मई 2026
नैनीताल जनपद के हल्द्वानी में आईपीएल सट्टेबाजी के करोड़ों रुपये के खेल का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। एसएसपी डॉ मंजुनाथ टीसी के निर्देशन और “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत मुखानी पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने दो सगे भाइयों समेत तीन सटोरियों को गिरफ्तार कर बड़े सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है।
पूरे मामले का खुलासा एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने पुलिस बहुउद्देशीय भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आईपीएल मैचों में सट्टा खिलवा रहा था और प्रतिदिन लाखों रुपये का अवैध कारोबार संचालित कर रहा था।
खाली प्लॉट में चल रहा था सट्टे का खेल
मुखानी थाना प्रभारी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी टीम ने मधुबन कॉलोनी स्थित एक खाली प्लॉट में छापा मारा। यहां तीनों आरोपी आईपीएल मैच पर सट्टा लगाते हुए रंगे हाथ पकड़े गए।
मौके पर रंगे हाथ पकडे गए आरोपी जिनकी पहचानन रवि गुप्ता उर्फ झबरा,रोहित गुप्ता,मोहित प्रसाद के रूप में हुई हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गैंग रोजाना 7 से 8 लाख रुपये तक का सट्टा संचालित कर रहा था और अब तक करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपये का सट्टा खिलवा चुका है।
मोबाइल, नकदी और क्रेटा कार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, ₹51,100 नकद, एक क्रेटा कार बरामद कर सीज कर दी है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी रवि गुप्ता के खिलाफ पहले से आबकारी अधिनियम, जुआ एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। इससे साफ है कि आरोपी पहले भी गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल रहा है।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद एसएसपी नैनीताल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम को ₹2000 नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।