रुद्रपुर,19 मई 2026
खेल जगत फाउंडेशन द्वारा उत्तराखंड (रुद्रपुर) में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘द्वितीय देवभूमि खेल चेतना यात्रा’ का शुभारंभ मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम से किया गया। यात्रा को जिला क्रीड़ा अधिकारी एवं जिला युवा कल्याण अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।



खेल जगत फाउंडेशन के रतन गुप्ता ने कहा कि देवभूमि के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें सही दिशा और अवसर देने की है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा ‘फिट इंडिया-नशा मुक्त उत्तराखंड’ के संकल्प को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
इस यात्रा में खेल विभाग उत्तराखंड, युवा कल्याण विभाग, प्रांतीय रक्षक दल उत्तराखंड एवं पर्यटन विभाग मुख्य सहयोगी के रूप में जुड़े हैं।
देवभूमि खेल चेतना यात्रा मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू होकर किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता और खटीमा होते हुए 19 मई को टनकपुर पहुंचेगी। इसके बाद 20 मई को यात्रा चंपावत जनपद पहुंचेगी। यात्रा राज्य के सभी 13 जनपदों से होकर 21 जून को देहरादून में संपन्न होगी।
रतन गुप्ता ने बताया कि 18 मई से 21 जून तक चलने वाली इस यात्रा में 5 सदस्यीय टीम उत्तराखंड के 13 जनपदों के 50 से अधिक कस्बों और ब्लॉकों में जाएगी। यात्रा के दौरान प्रतिभा खोज शिविर, मेजर ध्यानचंद खेल स्पर्धा, युवा संवाद एवं सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे।
यात्रा के शुभारंभ अवसर पर करीब 350 स्थानीय खिलाड़ी और विभिन्न खेलों के कोच मौजूद रहे।