देहरादून, 12 नवंबर 2026।
उत्तराखंड में मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक और डरावनी तस्वीर सामने आई है। डोईवाला क्षेत्र में जौलीग्रांट एयरपोर्ट के पास देर रात एक विशालकाय हाथी ने बुलेट सवार युवक पर अचानक हमला कर दिया। हाथी का हमला इतना खतरनाक था कि युवक सड़क पर गिरने के बाद जिंदगी और मौत के बीच जूझता नजर आया। इस पूरी घटना का खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, देर रात जंगल से निकलकर एक हाथी सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहा बुलेट सवार युवक उसकी चपेट में आ गया। हाथी की जोरदार टक्कर से युवक बाइक समेत सड़क पर जा गिरा। इसके बाद हाथी ने युवक को उठने तक का मौका नहीं दिया।

बार-बार पैरों से कुचलता रहा हाथी
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि सड़क पर गिरे युवक को हाथी बार-बार पैरों से दबा रहा है। कभी उसकी जांघ पर पैर रखता है तो कभी लात मारकर उसे दोबारा सड़क पर गिरा देता है। मौके पर मौजूद राहगीरों की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा। वीडियो में एक महिला की घबराई हुई आवाज सुनाई देती है—‘ओ मां, मार डाला!’

युवक की जान खतरे में देखकर आसपास मौजूद लोगों ने एकजुट होकर शोर मचाना शुरू किया। लगातार शोर सुनकर हाथी वहां से हटने लगा। हालांकि, जाते-जाते उसने युवक के पेट पर भी पैर रखा और हाईवे की सेफ्टी ग्रिल पार कर जंगल की ओर चला गया।

लोगों के शोर ने बचाई युवक की जान
हाथी के जाने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवक को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक की किस्मत अच्छी रही कि वह हाथी के इतने खतरनाक हमले के बावजूद बच गया।

इस घटना ने एक बार फिर जौलीग्रांट एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही तथा रात के समय वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जंगल से सटे इस मार्ग पर हाथियों का आवागमन बना रहता है।

सवाल यह है कि आखिर कब तक वन्यजीवों और इंसानों के बीच ऐसी खौफनाक घटनाएं होती रहेंगी? क्या संवेदनशील मार्गों पर रात के समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!