भाजपा की असली ताकत सरकार नहीं, संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं’; धामी सरकार को बताया हिमालय की तरह अडिग, कार्यकर्ताओं को दिए संगठन मजबूती के नौ मंत्र

मुख्यमंत्री धामी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, 2027 में जीत की हैट्रिक का जताया भरोसा

हरिद्वार, 22 नवंबर।
केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने हरिद्वार में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से उत्तराखंड की सियासत को बड़ा संदेश देते हुए दावा किया कि प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हमारा और आपका कमल कमाल कर रहा है। जनता का भरोसा भाजपा के साथ है और कार्यकर्ताओं की मेहनत पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है।

राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में स्पष्ट कहा कि भाजपा की असली ताकत सत्ता या सरकार नहीं, बल्कि उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। सत्ता में रहते हुए भी संगठन की सक्रियता, जीवंतता और जनसंपर्क उसी तरह बना रहना चाहिए, जैसा विपक्ष में रहते हुए होता है। उन्होंने उत्तराखंड में भाजपा संगठन की तुलना देवदार के विशाल वृक्ष से करते हुए कहा कि इसकी जड़ें गहरी और संगठन मजबूत है। लगातार दो बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनना कार्यकर्ताओं के परिश्रम और संगठन की ताकत का प्रमाण है।

रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि धामी सरकार हिमालय की तरह अडिग है और मां गंगा की अविरल धारा की तरह उत्तराखंड विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक विरासत, सैन्य परंपरा और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ना सरकार और संगठन की साझा जिम्मेदारी है।

भाजपा की विचारधारा में राष्ट्र प्रथम और अंत्योदय सर्वोपरि
राजनाथ सिंह ने भाजपा की वैचारिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र की एकता और अखंडता का संकल्प तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद पार्टी की वैचारिक नींव हैं। भाजपा अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता कभी अंतिम लक्ष्य नहीं रही, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का माध्यम रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम ने पार्टी को देशभर में मजबूत बनाया है। आज देश के 20 से अधिक राज्यों में एनडीए की सरकारें होना इसकी व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाता है।

कार्यकर्ताओं को दिए संगठन मजबूती के नौ मंत्र
रक्षा मंत्री ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए नौ महत्वपूर्ण सूत्र दिए। उन्होंने कहा कि सांसद, विधायक और मंत्री बनने के बाद भी जनप्रतिनिधियों का संगठन से जुड़ाव और अधिक मजबूत होना चाहिए। मंडल, जिला और बूथ स्तर पर नियमित संवाद और बैठकें जरूरी हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपदा, दुर्घटना और संकट के समय सबसे पहले जनता की सहायता के लिए पहुंचने वाला व्यक्ति बनने का आह्वान किया। सोशल मीडिया को केवल प्रचार का माध्यम न बनाकर जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने का जरिया बनाने की बात कही।

उन्होंने राजनीति में व्यक्तिगत हमलों और अमर्यादित भाषा से बचने, तथ्यों के आधार पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देने, युवाओं को संगठन से जोड़ने और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में युवाओं की सक्रिय टीम तैयार करने पर जोर दिया।

राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों की उपलब्धियों को केवल योजनाओं की सूची के रूप में नहीं, बल्कि आम लोगों के जीवन में आए बदलावों और लाभार्थियों की सफलता की कहानियों के माध्यम से जनता तक पहुंचाया जाना चाहिए। प्रत्येक कार्यकर्ता के व्यवहार में अनुशासन, ईमानदारी और नैतिकता झलकनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पद और व्यक्तिगत अपेक्षाओं से ऊपर संगठन की एकता होनी चाहिए, क्योंकि एकता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।

मोदी सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने की अपील
राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाने वाला बताया।

पुलवामा आतंकी हमले के बाद आतंकवाद के विरुद्ध भारत की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और संप्रभुता के मामले में सरकार की प्रतिबद्धता अडिग है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन उपलब्धियों को प्रमाणिक तथ्यों और वास्तविक उदाहरणों के साथ जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

धामी सरकार के फैसलों को बताया साहसिक

उत्तराखंड सरकार की सराहना करते हुए रक्षा मंत्री ने समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा नियंत्रण कानून जैसे निर्णयों का उल्लेख किया। उन्होंने उत्तराखंड को पूर्ण साक्षर राज्य बनने की उपलब्धि को भी महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश और उद्योगों का विस्तार हो रहा है। स्टार्टअप के बढ़ते अवसर युवाओं में उद्यमिता की भावना को मजबूत कर रहे हैं। सड़क, रेल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में विकास कार्य तथा चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या उत्तराखंड की बदलती तस्वीर को दर्शाती है।

उन्होंने महिला सशक्तिकरण के प्रयासों, सैनिकों के सम्मान, शहीदों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में वृद्धि और देहरादून के गुन्नियाल गांव में निर्माणाधीन सैन्य धाम का भी उल्लेख किया।

धामी बोले- 2027 में भाजपा लगाएगी जीत की हैट्रिक
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में डबल इंजन सरकार विकास की नई इबारत लिख रही है। वर्ष 2014 के बाद देश में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखकर ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संगठनात्मक अनुभव और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति उनके योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन और लखपति दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

युवाओं के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि नकल माफिया पर शिकंजा कसने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं, जबकि नकल माफिया के विरुद्ध कार्रवाई में 100 से अधिक आरोपियों को जेल भेजा गया है।

खेलों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना और मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों का दैनिक भोजन भत्ता 250 रुपये से बढ़ाकर 480 रुपये किया गया है।

3.56 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, एक लाख करोड़ से अधिक धरातल पर

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से प्रदेश को 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने कहा कि इससे उद्योगों के विस्तार और रोजगार सृजन को गति मिल रही है।

लखवाड़, सौंग, जमरानी और किसाऊ बांध परियोजनाओं को प्रदेश की जल सुरक्षा, पेयजल, सिंचाई और ऊर्जा जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी और पर्यटन के क्षेत्र में भी तेजी से काम हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा-2026 में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का दावा करते हुए इसे धार्मिक पर्यटन और यात्रा व्यवस्थाओं के विस्तार का प्रमाण बताया। उन्होंने आपदा प्रबंधन में केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय तथा प्रभावितों तक राहत पहुंचाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

विपक्ष पर धामी का हमला, डोभाल और उत्तराखंड के सम्मान का उठाया मुद्दा

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के विकास कार्यों का तथ्यात्मक जवाब देने के बजाय विपक्ष अफवाहों और दुष्प्रचार का सहारा ले रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि विपक्ष के आरोपों का जवाब तथ्यों और सरकार की उपलब्धियों के आधार पर दिया जाए।

उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के योगदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए राहुल गांधी की टिप्पणियों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। वहीं, समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव द्वारा उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहे जाने संबंधी टिप्पणी पर भी कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के वीर सैनिकों, राष्ट्रभक्तों और मेहनतकश नागरिकों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

तीसरी बार सरकार बनाने के संकल्प के साथ जुटने का आह्वान
मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, राज्य सरकार के विकास कार्यों और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के दम पर भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाएगी और बड़े बहुमत से सरकार बनाएगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने और जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने का आह्वान किया। वहीं राजनाथ सिंह ने भी राष्ट्रहित, संगठन की एकजुटता और अंत्योदय के संकल्प को सर्वोपरि रखते हुए उत्तराखंड को राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों के सपनों का प्रदेश बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!