हरिद्वार में विश्व मात्स्यिकी दिवस पर मुख्यमंत्री ने किया मत्स्य बीज संचयन, जलीय जैव विविधता के संरक्षण के लिए जनसहभागिता का किया आह्वान
हरिद्वार, 22 नवंबर।
मां गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा को संरक्षित और समृद्ध करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार के अमरापुर घाट पर 10 हजार मत्स्य बीज का संचय किया। विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से गंगा की जैव विविधता बचाने और जलीय पारिस्थितिकी को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां गंगा केवल आस्था और संस्कृति का प्रतीक नहीं, बल्कि प्रदेश की समृद्ध प्राकृतिक विरासत और जैव विविधता का भी महत्वपूर्ण आधार हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों में मत्स्य बीज संचयन जैसी पहल से प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों के संवर्धन को बढ़ावा मिलता है। इससे मछलियों की उपलब्धता बढ़ाने के साथ जलीय पारिस्थितिकी को मजबूत करने और मत्स्य उत्पादन की संभावनाओं को प्रोत्साहित करने में मदद मिलती है।
उन्होंने आमजन से गंगा को स्वच्छ रखने, नदियों में प्रदूषण रोकने और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी से ही संभव है।
कार्यक्रम के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ नदियां, सुरक्षित पर्यावरण और समृद्ध जलीय जैव विविधता बनाए रखने का संदेश दिया गया।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।