हरिद्वार, 08 अक्टूबर 2026।
AICC के आह्वान पर गुरुवार को देशभर में मनाए गए काला दिवस के तहत हरिद्वार के कनखल चौक बाजार में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से जोरदार प्रदर्शन किया गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जतिन हांडा के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मत चोरी के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष संजय पालीवाल और प्रदेश सचिव प्रदीप चौधरी ने कहा कि मत चोरी के मुद्दे को लेकर जनता में भारी आक्रोश है। उन्होंने दावा किया कि वैलेट पेपर से हुए चुनाव की मतगणना हाई कोर्ट के आदेश पर हुई, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशियों ने भारी मतों से जीत दर्ज की।
ब्लॉक अध्यक्ष जतिन हांडा और पूर्व अध्यक्ष शुभम अग्रवाल ने चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार को तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक इस्तीफा नहीं दिया जाता, कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर उतरकर अपना विरोध जारी रखेंगे।

पूर्व राज्यमंत्री रकित वालिया और पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने कहा कि देश की जनता एक ओर महंगाई की मार झेल रही है, वहीं दूसरी ओर चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता किसी एक व्यक्ति की जागीर नहीं हो सकती और लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि है।
प्रदेश सचिव रविश भटीजा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने कहा कि युवा आज अपने अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर सड़कों पर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब दिया जाना जरूरी है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के लिए अपना संघर्ष आगे भी जारी रखेगी।
प्रदर्शन में पंडित संजय अत्री, नरेश सेमवाल, ललित वालिया, विजय गुप्ता, लव चौधरी, कपिल चौधरी, रचित अग्रवाल, राहुल चौधरी (पीसीसी सदस्य), मोनू, विनोद कश्यप, अजय दास महाराज, हरद्वारी लाल, समर्थ अग्रवाल, राजकुमार ठाकुर, अनिल ठाकुर, आशु भारद्वाज, देवेश बर्मन, काका बर्मन, विमल सैनी, दिनेश पुंडीर, शांतनु चौधरी, अमित राजपूत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।