हरिद्वार,22नवंबर ।
कनखल थाना क्षेत्र के विष्णु गार्डन में आपसी विवाद के चलते गोली चलाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां संविदा पर तैनात एक चालक ने अपने ही अधिकारी को गोली मार दी। गनीमत रही कि गोली अधिकारी को छूकर निकल गई और उनकी जान बाल-बाल बच गई। घायल अधिकारी को उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है।

घटना 21 नवंबर 2026 की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही कनखल पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक विनोद नेगी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी विनोद नेगी पिछले कई वर्षों से संबंधित कार्यालय में चालक के पद पर कार्यरत था। अधिकारी चन्द्रप्रकाश नौटियाल और उसके बीच पिछले करीब 4 से 5 महीनों से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि अधिकारी की टोका-टाकी और कथित रूप से परेशान किए जाने से आरोपी नाराज था। इसी रंजिश के चलते उसने अधिकारी पर फायरिंग कर दी।

वारदात के बाद सबूत मिटाने की कोशिश
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पुलिस से बचने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से घटनास्थल की सफाई शुरू कर दी। वह फर्श पर पोछा लगा रहा था और कपड़े बदलकर मौके से फरार होने की तैयारी में था। लेकिन कनखल पुलिस की तत्परता के चलते उसकी योजना सफल नहीं हो सकी और पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।

वादी चन्द्रप्रकाश नौटियाल की तहरीर के आधार पर थाना कनखल में आरोपी के खिलाफ मुकदमा आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की तत्परता से आरोपी गिरफ्तार
इस कार्रवाई में SHO देवेन्द्र सिंह रावत, SSI अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता, अपर उपनिरीक्षक मुन्ना नेगी, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार और कांस्टेबल संजू सैनी शामिल रहे।

फिलहाल अधिकारी का उपचार जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!