13 महीने के कार्यकाल में बड़े आपराधिक मामलों का त्वरित खुलासा, नशे के नेटवर्क पर प्रहार और 912 लोगों को लौटाए खोए मोबाइल; अब 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर की संभालेंगे कमान

नैनीताल,27नवंबर ।

अपराधियों पर शिकंजा, नशा तस्करों के नेटवर्क पर करारा प्रहार और गंभीर आपराधिक घटनाओं में त्वरित कार्रवाई। नैनीताल में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी का करीब 13 महीने का कार्यकाल कई बड़ी पुलिस उपलब्धियों के लिए चर्चा में रहा। उनके नेतृत्व में जिले की पुलिस ने जहां कई सनसनीखेज आपराधिक मामलों का खुलासा किया, वहीं नशे के कारोबार पर भी बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने का प्रयास किया।

शासन की ओर से 25 नवंबर 2026 को जारी तबादला आदेश के तहत डॉ. मंजूनाथ टीसी को सेनानायक, 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अर्पण यदुवंशी को नैनीताल का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है।

₹10.93 करोड़ के नशीले पदार्थ बरामद, 184 तस्कर गिरफ्तार

मंजूनाथ टीसी के कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धियों में नशा तस्करों के खिलाफ चलाया गया अभियान प्रमुख रहा। पुलिस के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट के तहत 150 मुकदमे दर्ज किए गए और 184 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 10 करोड़ 93 लाख रुपये आंकी गई।

पुलिस ने 25 किलो 846 ग्राम चरस, 3 किलो 24 ग्राम 675 मिलीग्राम स्मैक, 179 किलो 215 ग्राम गांजा, 34 किलो 799 ग्राम डोडा के अलावा 1,422 नशीले कैप्सूल व गोलियां और 2,325 नशीले इंजेक्शन बरामद किए।

इनमें अकेले स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 9.72 करोड़ रुपये बताई गई है। आंकड़े बताते हैं कि पुलिस ने नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया।

छह घंटे में डबल मर्डर का खुलासा, 48 घंटे में ज्वैलर्स चोरी का पर्दाफाश

अपराधों के खुलासे में तेजी भी इस कार्यकाल की खास पहचान रही। हल्द्वानी की बड़ी मंडी में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का महज छह घंटे में खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं वल्दियाखान में महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म के प्रयास, लूट और मारपीट के आरोपी टैक्सी चालक को 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया।

कालाढूंगी में ट्रैक्टर से कार सवार को कुचलने का प्रयास करने वाले आरोपी को 12 घंटे में ट्रैक्टर सहित दबोचा गया। हल्द्वानी के जज फार्म गोलीकांड और हत्या के मामले में 24 घंटे के भीतर आरोपी पार्षद को गिरफ्तार कर गैंगस्टर एक्ट के तहत जेल भेजा गया।

मुखानी में बुजुर्ग महिला से सोने के कुंडल छीनने वाले दो आरोपियों को भी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर आभूषण बरामद किए गए। वहीं राधिका ज्वैलर्स में हुई लाखों रुपये की चोरी का 48 घंटे में खुलासा कर तीन आरोपियों को बनबसा से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने करीब 22 लाख रुपये का सोना बरामद किया।

डकैती से लेकर करोड़ों की ठगी तक, अपराधियों पर कसा शिकंजा

एसएसपी के कार्यकाल में पुलिस ने कई अन्य गंभीर मामलों में भी बड़ी कार्रवाई की।

गोरापड़ाव डकैती कांड का खुलासा कर नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से सात तमंचे, 19 कारतूस, तीन वाहन और लूटी गई 2.39 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई।

रामनगर के रिजॉर्ट में संचालित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ कर 51 लोगों को गिरफ्तार किया गया। भवाली में चर्चित सेक्सटॉर्शन मामले का पर्दाफाश किया गया। रामनगर में नवविवाहिता की दहेज हत्या के मामले में पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया गया। वहीं बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचाया।

गौलापार में करोड़ों रुपये के आईपीएल सट्टे के नेटवर्क का पर्दाफाश कर महज एक घंटे में तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 6.7 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में ईवीसीएल क्रिकेट लीग से जुड़े 32 लाख रुपये के धोखाधड़ी प्रकरण में भी आरोपी की गिरफ्तारी के साथ बैंक खाते फ्रीज कराए गए।

912 खोए मोबाइल लौटाकर पुलिस ने जीता जनता का भरोसा

मंजूनाथ टीसी के कार्यकाल में पुलिस की उपलब्धियां केवल अपराधियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहीं। जनसेवा के मोर्चे पर भी नैनीताल पुलिस ने उल्लेखनीय काम किया। पुलिस ने 912 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे। इन मोबाइल की अनुमानित कीमत 80 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

यह पहल आम नागरिकों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने वाली रही।

कैंची धाम में उमड़ती भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था की बड़ी चुनौती

नैनीताल जिले में स्थित कैंची धाम में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के बीच यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभालना पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रहा। सप्ताहांत और विशेष धार्मिक आयोजनों के दौरान भवाली, भीमताल, कैंची धाम और आसपास के पहाड़ी मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है।

ऐसे समय में पुलिस ने रूट डायवर्जन, पार्किंग और यातायात नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्थाएं लागू कीं। श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनाए रखने के लिए किए गए प्रयास भी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे।

13 महीने का कार्यकाल, कई उपलब्धियां छोड़ नई जिम्मेदारी की ओर

डॉ. मंजूनाथ टीसी का नैनीताल से तबादला अब उन्हें एक नई जिम्मेदारी की ओर ले जा रहा है। 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर के सेनानायक के रूप में वह नई पारी शुरू करेंगे, जबकि अर्पण यदुवंशी जिले के नए एसएसपी होंगे।

कुल मिलाकर नैनीताल में मंजूनाथ टीसी के कार्यकाल की पहचान बड़े आपराधिक मामलों के त्वरित खुलासे, नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान, करोड़ों की ठगी और संगठित अपराध पर कार्रवाई तथा जनसेवा के कार्यों से बनी। अब देखना होगा कि नए एसएसपी अर्पण यदुवंशी इस पुलिसिंग की गति और उपलब्धियों को किस तरह आगे बढ़ाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!