जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर सीएम ने दिया जोर, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश…
हल्द्वानी, 9 सितम्बर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत हल्द्वानी पहुंचे। एफटीआई हेलीपैड पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आमजन से आत्मीयता से मुलाकात की। उन्होंने लोगों का हालचाल जाना और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं एवं जनहित के मुद्दों को गंभीरता से सुना।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता से प्राप्त शिकायतों और समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लोगों की समस्याओं को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक सुशासन और विकास का लाभ पहुंचाना है। जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनना और उनका समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उlन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शासन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से विकास योजनाओं को गति देने और आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की आवश्यकता पर भी उन्होंने जोर दिया।मुख्यमंत्री के हल्द्वानी आगमन पर एफटीआई हेलीपैड में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री की जनप्रतिनिधियों और आमजन से सीधे संवाद की यह पहल इस संदेश के रूप में भी देखी जा रही है कि सरकार जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं और उनकी अपेक्षाओं को प्राथमिकता के साथ समझने और उनका समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के बाद अब लोगों की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि उठाई गई समस्याओं पर प्रशासन कितनी तेजी और प्रभावशीलता से कार्रवाई करता है।