हरिद्वार,9नवंबर ।
उत्तराखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ राज्य स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री दिनेश कुमार एवं उप कुलसचिव श्री संदीप भट्ट विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की संयोजिका श्रीमती मीनाक्षी सिंह रावत तथा संयोजक डॉ. सुमन प्रसाद भट्ट के मार्गदर्शन में आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

राज्य स्थापना दिवस को यादगार बनाने और विद्यार्थियों में उत्तराखंड की संस्कृति, इतिहास एवं राज्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निबंध लेखन, भाषण तथा संस्कृत क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। तीनों प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी बौद्धिक क्षमता, विचार अभिव्यक्ति और संस्कृत ज्ञान का परिचय दिया।

प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन की जिम्मेदारी श्री सुशील चमोली ने निभाई। उन्होंने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके त्याग एवं बलिदान को याद किया। साथ ही प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, देवभूमि की पहचान, संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया गया।
समारोह के समापन पर प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इसके बाद मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस समारोह ने विद्यार्थियों में उत्तराखंड की अस्मिता, संस्कृति और गौरवशाली विरासत के प्रति नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार किया।