भाई की हत्या का बदला लेने हरिद्वार पहुंचा था आरोपी, पुलिस की सतर्कता से टला संभावित खूनी टकराव

हरिद्वार,07 सितंबर 2026।
धर्मनगरी हरिद्वार में पुलिस की सतर्कता से गैंगवार की एक बड़ी वारदात होने से पहले ही टल गई। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपदभर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली नगर पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को दो अवैध पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने वर्ष 2010 में अपने भाई की हत्या का बदला लेने के इरादे से हथियार लेकर हरिद्वार आने की बात बताई है।

पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को कोतवाली नगर पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चित्रकूट घाट के पास पुलिस टीम की नजर एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी। पुलिस को देखकर उसके हावभाव संदिग्ध नजर आए, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके कंधे पर टंगे पीठू बैग को खंगाला गया तो पुलिस भी हैरान रह गई। बैग के भीतर से 32 बोर की दो पिस्टल, दो मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए। हथियारों की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

2010 की हत्या का बदला लेने की फिराक में था आरोपी
पूछताछ में आरोपी की पहचान मनोज कुमार पुत्र महावीर सिंह, निवासी ग्राम बुडीना कला, थाना तितावी, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, उम्र 45 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि वर्ष 2010 में उसके भाई की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से ही वह कथित तौर पर भाई के हत्यारों की तलाश में था। उसे सूचना मिली थी कि उसके भाई की हत्या में शामिल बताए जा रहे लोग जेल से रिहा होकर हरिद्वार आने वाले हैं। इसी सूचना के बाद वह कथित तौर पर बदला लेने के इरादे से हथियार लेकर हरिद्वार पहुंचा था।

हरिद्वार में अप्रैल से कर रहा था होटल का कारोबार
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अप्रैल 2026 से हरिद्वार में एक आश्रम को लीज पर लेकर होटल के रूप में कारोबार कर रहा था। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास, उसके संपर्कों और हथियारों के स्रोत के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

दो पिस्टल और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस बरामद होने के बाद पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है। पुलिस की समय रहते हुई कार्रवाई से संभावित आपराधिक वारदात और किसी बड़े टकराव को टालने में सफलता मिली है।

आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने बरामद हथियारों के आधार पर आरोपी मनोज कुमार के खिलाफ मु.अ.सं. 445/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस उसके हथियारों से जुड़े नेटवर्क और संभावित साथियों के बारे में भी जांच कर रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट, उपनिरीक्षक खेमेंद्र गंगवार, हेड कांस्टेबल प्रदीप पंवार और हेड कांस्टेबल गुलशन नेगी शामिल रहे।

पुलिस की सतर्कता ने एक बार फिर साबित किया कि समय रहते की गई चेकिंग और त्वरित कार्रवाई संभावित बड़ी आपराधिक घटनाओं को रोकने में निर्णायक भूमिका निभा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!