देहरादून/हरिद्वार 19 जुलाई।
उत्तराखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है और अगले 72 घंटे प्रदेश के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं। मौसम विभाग ने लगातार हो रही बारिश और आगामी दिनों में अत्यधिक वर्षा की आशंका को देखते हुए कई जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली, तेज गर्जना और भूस्खलन की संभावना को देखते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
तीन जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी और अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। अल्मोड़ा और चमोली में येलो अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
हरिद्वार में आकाशीय बिजली बनी काल, दो किसानों की मौत
खराब मौसम के बीच हरिद्वार जिले से दुखद खबर सामने आई है। शनिवार को खेतों में काम कर रहे दो किसानों पर आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान डालूवाला मजबता निवासी नगिन (53) और खाला टीरा निवासी रणधीर सिंह (42) के रूप में हुई है। दोनों अलग-अलग खेतों में कृषि कार्य कर रहे थे, तभी अचानक तेज बारिश और बिजली गिरने से वे गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीण उन्हें रुड़की के विनय विशाल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
देहरादून में लगातार तेज बारिश
राजधानी देहरादून में रविवार सुबह से ही तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने पूरे दिन बादल छाए रहने और रुक-रुककर तेज बारिश होने की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
20 से 22 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम
* 20 जुलाई: देहरादून, हरिद्वार और टिहरी के कुछ क्षेत्रों में अत्यंत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, टिहरी, उत्तरकाशी और पौड़ी में ऑरेंज अलर्ट रहेगा।
* 21 जुलाई: देहरादून और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश तथा आकाशीय बिजली की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट रहेगा। टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
* 22 जुलाई: प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बौछारें पड़ने की संभावना है।
नैनीताल में बारिश का असर
नैनीताल जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्द्वानी में सबसे अधिक 67 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा रामनगर में 16.4 मिमी, कालाढूंगी में 33 मिमी, कैचीधाम में 11.1 मिमी और खनस्यू-ओखलकांडा क्षेत्र में 24 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बेतालघाट में वर्षा नहीं हुई।
बारिश के कारण भौर्सा-पिनरो और पंगोट-दैचोरी मोटर मार्ग बंद हो गए हैं। प्रशासन ने बताया कि दोनों मार्गों को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। वहीं जमरानी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है, जिसे बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। राहत की बात यह है कि जिले के सभी प्रमुख नालों की स्थिति फिलहाल सामान्य बनी हुई है।
प्रशासन की अपील
मौसम विभाग और जिला प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही जलभराव, फिसलन वाले इलाकों और खुले स्थानों पर आकाशीय बिजली के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से तुरंत संपर्क करें।