वीडियो देखें: रानीपुर कोतवाली के पीछे नहर क्षेत्र में कथित खनन गतिविधियां कैमरे में कैद, वीडियो बनता देख कुछ लोग मौके से निकलते दिखाई दिए।

कोतवाली रानीपुर, 22 मई 2026
रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में अवैध खनन का कथित खेल एक बार फिर सुर्खियों में है। शुक्रवार सुबह करीब 5:24 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने कोतवाली के ठीक पीछे नहर क्षेत्र में खनन गतिविधियां होते देखने का दावा किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धूंआ, बुग्गा और ढहसा गाड़ियों के जरिए खनिज सामग्री निकाली जा रही थी, जबकि सड़क पर लोगों की आवाजाही भी लगातार बनी हुई थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह गतिविधियां रानीपुर कोतवाली के बेहद नजदीक, नहर क्षेत्र में संचालित हो रही थीं। ऐसे में लोगों ने सवाल उठाए हैं कि जब पुलिस थाने के पीछे ही कथित तौर पर अवैध खनन हो रहा है तो फिर इसे रोकने की जिम्मेदारी किसकी है।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें खनन गतिविधियां दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो बनाने की भनक लगते ही कुछ लोग मौके से तेजी से निकलते हुए नजर आए। वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और क्षेत्र में लोगों के बीच इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि अवैध खनन से पर्यावरण को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ सरकारी राजस्व को भी भारी क्षति होती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि वीडियो की जांच कर मामले की सच्चाई सामने लाई जाए और यदि अवैध खनन पाया जाता है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

इस पूरे मामले ने एक बार फिर हरिद्वार में अवैध खनन की रोकथाम को लेकर प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि – संबंधित विभाग और पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं ?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!