हरिद्वार, 3 अगस्त।
‘सारे काम का तुरंत हल पार्टी’ के संस्थापक एवं चेयरमैन मदन सिंह सामंत ने प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान हरिद्वार विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने पार्टी का संकल्प पत्र भी जारी करते हुए दावा किया कि उनकी पार्टी जनता की उम्मीदों पर खरी उतरते हुए उत्तराखंड के नवनिर्माण के लिए काम करेगी।

पत्रकारों से बातचीत में मदन सिंह सामंत ने कहा कि उनकी प्राथमिकता प्रत्येक घर तक जलापूर्ति सुनिश्चित करना, ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण, मंदिरों में पेयजल की व्यवस्था और शहरों में तीन रुपये प्रति यूनिट बिजली उपलब्ध कराना होगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आम जनता को 100 रुपये प्रतिमाह में पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा तथा घरेलू गैस सिलेंडर 500 रुपये में देने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने सामाजिक कल्याण से जुड़े कई वादे भी किए। सामंत ने कहा कि 55 वर्ष की आयु के बाद माता-पिता को 5000 रुपये मासिक पेंशन, विधवा महिलाओं को 5000 रुपये पेंशन, भोजन माताओं को 5000 रुपये मानदेय तथा छात्र-छात्राओं को 2500 रुपये की सहायता राशि देने की योजना लागू की जाएगी। इसके साथ ही अतिक्रमण हटाने के लिए स्पष्ट नीति बनाने की बात भी कही।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर जोर देते हुए मदन सिंह सामंत ने कहा कि सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था में सुधार किया जाएगा और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून का पालन सभी के लिए समान रूप से लागू होगा। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो महंगाई कम करने और पूरे उत्तराखंड में पार्टी का विस्तार करने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!