हरिद्वार, 18 मई 2026।
उत्तराखंड पुलिस की हरिद्वार नगर कोतवाली पुलिस ने हरिद्वार के हर की पैड़ी को बम ब्लास्ट से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को महज़ 12 घंटे के भीतर 17 मई रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने डायल 112 पर कॉल कर शहर में दहशत फैलाने की कोशिश की थी। एसएसपी हरिद्वार के नेतृत्व में पुलिस ने मोबाइल ट्रेस कर आरोपी को धर-दबोचा।

पुलिस के अनुसार, 17 मई 2026 की रात सिटी कंट्रोल रूम हरिद्वार के डायल 112 पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर आगामी चार दिनों के भीतर हरिद्वार में बम विस्फोट करने की धमकी दी। कॉल के दौरान आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए देश और राज्य के शीर्ष पदाधिकारियों के संबंध में भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। धमकी भरे कॉल के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना कोतवाली नगर में मु0अ0सं0 250/2026 के तहत धारा 351(3), 351(4), 352 और 353(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट को सौंपी गई।

तकनीकी जांच और मोबाइल ट्रेसिंग के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान सोहन सिंह रावत पुत्र मदन सिंह रावत निवासी ग्राम पाटा, थाना यमकेश्वर, जिला पौड़ी गढ़वाल के रूप में की। पुलिस टीम ने आरोपी को रोडीबेलवाला क्षेत्र से हिरासत में लेकर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अत्यधिक शराब के नशे में यह हरकत की। पुलिस जांच में आरोपी का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। फिलहाल पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अफवाह, धमकी या दहशत फैलाने की कोशिश को गंभीर अपराध माना जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!