हरिद्वार, 17 मई 2026।
हरिद्वार पुलिस परिवार की प्रिय घुड़सवार साथी मादा अश्व ‘शालू’ का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। पैर में लाई लाज बीमारी (Quitor) से पीड़ित शालू ने आज तड़के 15 वर्ष 6 माह की आयु में अंतिम सांस ली।

बैरागी कैंप स्थित घुड़सवार पुलिस लाइन में पूरे सम्मान और भावुक माहौल के बीच शालू का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान एसएसपी नवनीत सिंह समेत पुलिस विभाग के कई अधिकारी और जवान मौजूद रहे। अपने भरोसेमंद साथी को खोने का दुख पुलिसकर्मियों के चेहरों पर साफ नजर आया।

वर्ष 2016 से हरिद्वार जनपद में तैनात शालू ने करीब 10 वर्षों तक पुलिस विभाग में सेवाएं दीं। शांत स्वभाव और अनुशासित व्यवहार के कारण वह पुलिस परिवार की खास सदस्य बन चुकी थी

शालू ने वर्ष 2021 के कुंभ मेले, प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले कांवड़ मेले, स्नान ड्यूटी, शांति व्यवस्था ड्यूटी और राज्य स्थापना दिवस की औपचारिक परेड सहित कई महत्वपूर्ण आयोजनों में अहम भूमिका निभाई।

हरिद्वार पुलिस परिवार ने शालू को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए उसकी सेवाओं को हमेशा याद रखने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!