हरिद्वार,01 जुलाई
निरंजनी अखाड़े में मंगलवार दिनांक 30 जून आयोजित भव्य पट्टाभिषेक समारोह में विद्वान संत स्वामी गोपालानंद भारती को महामंडलेश्वर की पदवी प्रदान की गई। अखाड़े के पंच परमेश्वरों के सानिध्य में आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता महामंडलेश्वर स्वामी विज्ञानानंद भारती महाराज ने की, जबकि संचालन निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने किया।

समारोह में सभी तेरह अखाड़ों के संत-महापुरुषों ने वैदिक मंत्रोच्चार, तिलक-चादर विधि एवं पुष्पवर्षा के साथ स्वामी गोपालानंद भारती का महामंडलेश्वर पद पर विधिवत अभिषेक किया। इस अवसर पर संत समाज और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का माहौल रहा।

महामंडलेश्वर स्वामी विज्ञानानंद भारती महाराज ने कहा कि स्वामी गोपालानंद भारती एक विद्वान एवं कर्मनिष्ठ संत हैं, जो संत एवं अखाड़ा परंपरा का पालन करते हुए सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में धर्म एवं संस्कृति को नई दिशा मिलेगी।

निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने कहा कि संत परंपरा में महामंडलेश्वर का पद अत्यंत महत्वपूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण होता है। स्वामी गोपालानंद भारती इस दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए सनातन धर्म के साथ-साथ अखाड़े की उन्नति में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

नवनियुक्त महामंडलेश्वर स्वामी गोपालानंद भारती ने संत समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर पद पर आसीन होकर वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज के नेतृत्व में वे सनातन धर्म के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ अखाड़े की प्रगति के लिए पूर्ण समर्पण भाव से कार्य करेंगे।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी अनंतानंद, महामंडलेश्वर स्वामी रामानुज सरस्वती, महामंडलेश्वर स्वामी सहजानंद पुरी एवं महामंडलेश्वर स्वामी ज्योर्तिमयानंद सहित अनेक संतों ने स्वामी गोपालानंद भारती को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया।

कार्यक्रम में स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी सुतिक्ष्ण मुनि, महंत पूर्णानंद, स्वामी नागेंद्र महाराज, स्वामी आदित्य, स्वामी कृष्ण गिरी, स्वामी गंगा गिरी, स्वामी आत्मानंद सरस्वती सहित बड़ी संख्या में संत-महापुरुष, श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!