जनता की सुरक्षा के साथ अब पुलिस जवानों की सेहत भी प्राथमिकता” — हरिद्वार पुलिस की अनोखी पहल

हरिद्वार , 26 मई।
पुलिस कर्मियों की व्यस्त और चुनौतीपूर्ण दिनचर्या को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की पहल पर आज मंगलवार 26 मई 2026 को पुलिस लाइन रोशनाबाद में पुलिस जवानों एवं उनके परिजनों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 200 पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

देहरादून स्थित वेलमेड हॉस्पिटल के अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों और उनकी टीम ने शिविर में पहुंचकर पुलिसकर्मियों के ईसीजी, ब्लड प्रेशर, रैंडम शुगर और नेत्र परीक्षण सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें कीं। साथ ही हृदय, पेट, आंत, लीवर और अन्य बीमारियों से संबंधित समस्याओं पर विशेषज्ञ परामर्श भी प्रदान किया गया।

शिविर में कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. रोहित कुमार चौहान, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. संदीप कुमार, मेडिकल ऑफिसर डॉ. साहिल महाजन, ऑप्टोमेट्रिस्ट आयुषी सहित मेडिकल टीम ने अपनी सेवाएं दीं। स्वास्थ्य जांच रिपोर्ट के आधार पर चिकित्सकों ने पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए आवश्यक सुझाव और परामर्श भी दिए।

इस अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि, वर्तमान समय में भागदौड़ भरी जीवनशैली के बीच स्वस्थ रहना एक बड़ी चुनौती बन गया है। पुलिसकर्मी दिन-रात जनता की सुरक्षा में जुटे रहते हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पुलिस परिवार के बेहतर स्वास्थ्य के लिए भविष्य में भी इस तरह के मेडिकल कैंप निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

शिविर का लाभ लेने वाले पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए एसएसपी हरिद्वार और आयोजन टीम का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की मांग की।

स्वास्थ्य और सुरक्षा दोनों का संकल्प निभा रही हरिद्वार पुलिस की यह पहल पुलिस परिवार के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!