हरिद्वार, 21 जुलाई।
हरिद्वार जनपद के लक्सर क्षेत्र स्थित पथरी थाना अंतर्गत शिवगढ़ गांव के पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंदिर परिसर के निकट जंगल में दोनों साधुओं के शव जमीन में दबे मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी, फोरेंसिक टीम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने कई पुलिस टीमें गठित कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक साधुओं की पहचान सेवा गिरि और उत्तम गिरि के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से पथरेश्वर महादेव मंदिर में रहकर पूजा-पाठ, धार्मिक अनुष्ठान और मंदिर की देखभाल कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों साधु शांत स्वभाव के थे और किसी प्रकार के विवाद की जानकारी कभी सामने नहीं आई।

शनिवार रात पहुंचे थे तीन साधु वेशधारी, घटना के बाद से लापता
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शनिवार रात तीन साधु वेशधारी बाहर से मंदिर में आकर रुके थे। घटना के बाद से तीनों का कोई पता नहीं है। पुलिस को आशंका है कि इन लोगों का वारदात से संबंध हो सकता है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि ये तीनों कौन थे, कहां से आए थे और उनका मृतक साधुओं से क्या संबंध था।

हत्या के बाद शव दबाकर मिटाने की कोशिश की गई साक्ष्य
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि एक साधु की गला दबाकर हत्या की गई, जबकि दूसरे पर धारदार हथियार से हमला किया गया। हत्या के बाद आरोपियों ने शवों को मंदिर परिसर से लगे जंगल में गड्ढा खोदकर जमीन में दबा दिया, ताकि घटना का पता न चल सके। पुलिस इसे सुनियोजित हत्या और साक्ष्य मिटाने का प्रयास मानकर जांच कर रही है।

सोमवार सुबह हुआ घटना का खुलासा
सोमवार सुबह जब सेवा गिरि और उत्तम गिरि मंदिर परिसर में दिखाई नहीं दिए तो ग्रामीणों और मंदिर से जुड़े लोगों को संदेह हुआ। खोजबीन के दौरान जंगल की ओर ताजा खुदाई के निशान दिखाई दिए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खुदाई कर दोनों शव बरामद किए। इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही सीओ लक्सर देवेंद्र नेगी, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, पथरी थाना प्रभारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट, मिट्टी के नमूने और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण और समय की पुष्टि हो सकेगी।

मुख्य पुजारी भी गायब, पुलिस की जांच कई पहलुओं पर
पुलिस के अनुसार मंदिर का मुख्य पुजारी अखिल गिरी भी घटना के बाद से लापता है। ऐसे में पुलिस उससे पूछताछ को भी महत्वपूर्ण मान रही है। इसके अलावा शनिवार रात मंदिर में ठहरे तीनों साधु वेशधारियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

एसएसपी बोले- जल्द होगा खुलासा
एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि घटना अत्यंत गंभीर है। संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

इस दोहरे हत्याकांड ने हरिद्वार समेत पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!