हरिद्वार के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित सप्तऋषि चौकी इलाके में जंगल के अंदर एक साधु की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह घटना 14 तारीख की है, जब नेशनल पार्क क्षेत्र में साधु की लाश बरामद हुई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साधु के सिर पर गंभीर चोट पाई गई, जिससे स्पष्ट हुआ कि यह प्राकृतिक मौत नहीं बल्कि हत्या का मामला है। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए और हस्तचालित (मैन्युअल) रूप से जांच शुरू की।
पुलिस ने जांच के दौरान 70 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले गए तथा पुलिस टीम के जवानों ने घटनास्थल के आसपास स्थित गंगा घाटों, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन व पार्किंग में मौजूद लोगों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई, कम से कम 100 – 150 लोगों से पूछताछ की गई , तब CCTV फुटेज के माध्यम से देखा गया कि जब साधु जंगल की ओर जा रहे थे, दो युवक साधु बाबा के पीछे-पीछे जाते हुए नजर आए। इसके बाद 17 तारीख को सुखी नदी ब्रिज के नीचे संदिग्ध हालात में दो युवकों को बैठा देखा गया।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि 13 तारीख को उन्होंने नशा (शराब और गांजा ) किया हुआ था और 14 तारीख को मजदूरी की तलाश में सड़क किनारे खड़े थे। तभी उनकी मुलाकात साधु बाबा से हुई।
आरोपियों के अनुसार, साधु ने उन्हें बीड़ी दी। इसके बाद उन्हें शक हुआ कि साधु के पास पैसे हो सकते हैं। जब साधु जंगल की ओर शौच के लिए गए, तो दोनों उनके पीछे-पीछे चले गए और मौका देखकर पत्थर से सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी। CCTV फुटेज और आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले की पुष्टि की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज कुमार उर्फ चिकना पुत्र रामगणेश (25 वर्ष), निवासी ग्राम बनाममई थाना वेदपुरा जिला ईटावा, उत्तर प्रदेश और रोहित कुमार पुत्र अलकदेव (19 वर्ष), निवासीगाँव सरण थाना पड़ाक जिला पटना , बिहार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस कार्यवाही में कोतवाली नगर हरिद्वार की पुलिस टीम से प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा , व0उ0नि0 गोपाल दत्त भट्ट, उ0नि0 नवीन नेगी, उ0नि0 संजीत कण्डारी , उ0नि0 विक्रम बिष्ट, उ0नि0 प्रदीप कुमार, है0का0 सतीश नोटियाल, है0का0 सतेंद्र कुमार, है0का0 संजीव राणा , का0 सुनील चौहान, का0 रमेश चौहान, का0 वसीम (C I U) शामिल रहे